1. Home
  2. जौनपुर

जौनपुर : बिजली बहाली में देरी पर भड़का सिपाही! ऑपरेटर से मारपीट और रजिस्टर फाड़ने का आरोप, लाइन हाजिर

..

 

जौनपुर। सुरेरी विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी के दौरान बिजली ऑपरेटर से मारपीट, मोबाइल फोन तोड़ने और सरकारी रजिस्टर फाड़ने के आरोप का मामला सामने आया है। आरोप सुरेरी थाने में तैनात सिपाही संतोष यादव पर लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।

वहीं, इस कार्रवाई से बिजली कर्मचारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसे निलंबित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

बिजली बहाली में देरी को लेकर हुआ विवाद

विद्युत उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर अजय कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में घटना का विवरण दिया है। उनके मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:50 बजे उपकेंद्र की मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान सुरेरी थाने में तैनात सिपाही संतोष यादव वहां पहुंचा।

ऑपरेटर का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने में करीब दो घंटे लगने की बात कहने पर सिपाही नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सिपाही ने लाठी से ऑपरेटर की पिटाई कर दी।

फोटो खींचने पर मोबाइल तोड़ने का आरोप

ऑपरेटर के अनुसार, उसने घटना की तस्वीर लेने की कोशिश की तो सिपाही ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके अलावा शिफ्ट रजिस्टर और शिकायत रजिस्टर फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

ऑपरेटर ने सिपाही पर नशे में होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

शोर सुनकर पहुंचे लोग, कराया बीच-बचाव

घटना के दौरान उपकेंद्र पर हंगामा और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों में भी नाराजगी फैल गई।

उपकेंद्र पर बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन

रविवार को आक्रोशित विद्युत कर्मचारियों ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और निलंबन की मांग की।

कर्मचारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के साथ ड्यूटी के दौरान इस तरह की घटना गंभीर है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बनता है और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सिपाही लाइन हाजिर

सुरेरी थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपित सिपाही संतोष यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पीड़ित ऑपरेटर की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है।

थानाध्यक्ष के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।