1. Home
  2. जौनपुर

जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत, चालक फरार

जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत, चालक फरार

जौनपुर। जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर गुरुवार देर रात प्रतापगंज बाजार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार राजमिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान रइया गुलजरगंज निवासी राजकुमार सरोज (45) के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार, राजकुमार सरोज बन्सफा गांव में सई नदी पर बन रहे घाट का निर्माण कार्य कर रहे थे। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। लगभग 8:30 बजे प्रतापगंज बाजार के सुरतासा पुर मोड़ पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस भेजा गया। वहीं, क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले जाया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


राजकुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी शर्मिला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटे हैं, बड़ा बेटा अतुल कक्षा 12 और छोटा बेटा अभिषेक कक्षा 11 में पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत ने उनके भविष्य को अंधकार में डाल दिया है।

मृतक की बहन रेनू ने कहा, "भाई ही परिवार का सहारा थे। उनके न रहने से भाभी और बच्चों का खर्चा कैसे चलेगा, यह बड़ी समस्या है।"

पुलिस कर रही है जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बेटे अतुल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन और चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषी को गिरफ्तार किया जाएगा।