Jaunpur: प्रयागराज से लौट रहे स्नानार्थियों की पिकअप पलटी, 13 गंभीर रूप से घायल

जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के छाछो गांव के पास गुरुवार भोर में स्नानार्थियों से भरी एक पिकअप वाहन पलटने से 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से 13 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है।
बिहार के गोपालगंज जिले के थाना कटिया अंतर्गत गिरधर पुईया गांव से करीब 20 ग्रामीण तीन दिन पूर्व प्रयागराज संगम में कुम्भ स्नान करने के लिए पिकअप किराए पर लेकर गए थे। बुधवार रात पूर्णिमा स्नान के बाद सभी घर लौट रहे थे।
गाड़ी के चालक अभय कुमार ने बताया कि जब उनका वाहन कुंवरपुर टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तो उसने नींद आने की बात कहकर गाड़ी रोक दी थी। हालांकि, पिकअप में सवार यात्रियों के दबाव में आकर उन्होंने वाहन चलाना जारी रखा। करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर छाछो गांव के निकट सुबह 3 बजे अभय को झपकी आ गई और पिकअप बगल के शीशम के पेड़ से टकराकर पलट गई।
इस दुर्घटना में विश्वनाथ (60), अर्जुन चौहान (30), विक्रमा महतो (69), नीपू कुमारी (15), सूरज चौहान (18), चंपा (60), चिंता (50), राम रंजन महतो (60), महेश महतो (50), बुलेला महतो (53), प्रदीप चौहान (38), जगन्नाथ महतो (55), सरस्वती देवी (40), शनिचरी देवी (56), और गुलाबी देवी (65) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 13 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूरज चौहान और चंपा को हल्की चोटें आई थीं, इसलिए उन्हें वहीं उपचार दिया गया।
थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहन को पास के पेट्रोल पंप पर सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है। घटना की जांच जारी है।
.webp)
