1. Home
  2. जौनपुर

सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में शोक

सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में शोक

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। यह हादसा न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा आघात बनकर आया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नेवादा ईश्वरी सिंह गांव के राम सुहारत गौतम का 23 वर्षीय बेटा गगन गौतम अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। गगन शहर के एक मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करता था। मंगलवार रात अपने काम से वह घर लौट रहा था। खुटहन जौनपुर मार्ग पर रोड शिकारपुर मोड़ के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक दीवार से टकरा गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

परिवार ने देर रात गगन के घर न लौटने पर उसे ढूंढना शुरू किया। इस बीच उन्हें सूचना मिली कि शिकारपुर के पास एक सड़क दुर्घटना में उसकी जान चली गई है। इस खबर ने पूरे परिवार और गांव को गहरे शोक में डाल दिया।

गगन ने छह महीने पहले ही शादी की थी, लेकिन अभी कोई संतान नहीं थी। पिता राम सुहारत खेती कर परिवार चलाते थे, जबकि गगन अपनी कमाई से घर की आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहा था।

इस असमय घटना ने परिवार को अंधकार में धकेल दिया है। गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।