1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : सैंपल ना देना पड़ा महंगा, दुकानदार पर मुकदमा दर्ज

FIR

Jaunpur News : महराजगंज बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा सैंपल न देना उसे भारी पड़ गया। मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी दुकानदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपराजिता तिवारी महराजगंज बाजार में निरीक्षण के लिए पहुंचीं थीं। निरीक्षण के दौरान जब वह सुभाष चंद्र की दुकान पर गईं और गोपी मखाने के चार सैंपल तैयार कराए, तो उन्होंने दुकानदार से सैंपलों पर हस्ताक्षर करने को कहा। इस पर दुकानदार ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा तैयार किए गए सभी सैंपलों और संबंधित दस्तावेजों को फाड़ दिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी का आरोप है कि जब उन्होंने फोटो खींचने और वीडियो रिकॉर्ड करने का प्रयास किया, तो दुकानदार ने उनके साथ हाथापाई भी की। इस घटना के संबंध में पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय ने बताया कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।