1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : पिलकिछा गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, तीन हिरासत में

Death

Jaunpur News: खुटहन स्थानीय थाना क्षेत्र के पिलकिछा गांव में गुरुवार की रात एक नवविवाहिता सेजल शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंखे के हुक से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सेजल की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी मुन्ना राम के अनुसार, घटना की वास्तविकता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी।

मृतका के पिता संजय शर्मा, निवासी अलीनगर, चंदौली ने इस मामले में सेजल के पति शैलेश शर्मा, ससुर भवानी प्रसाद शर्मा, दो जेठ दुर्गेश और अभिषेक, तथा जेठानियों रुचि और तृप्ती के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।

परिजनों के अनुसार, सेजल का विवाह 8 मार्च को पिलकिछा निवासी शैलेश शर्मा से हुआ था। विवाह के बाद वह 12 मार्च को मायके चली गई थी और 14 अप्रैल को वापस ससुराल लौटी थी। गुरुवार की शाम वह अचानक छत पर बने अपने बेडरूम में गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर जब परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई पाई गई।

मृतका के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी