Jaunpur : आंखों में काजल, हाथों में मेहंदी लगाएं दुल्हन करती रही इंतजार, दूल्हा बोला- पहले कार दो फिर....

जौनपुर। जौनपुर में दहेज के नाम पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रविवार को जिले के बक्सा थाना क्षेत्र स्थित शंभूगंज बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दूल्हा शादी से महज कुछ घंटे पहले दहेज में क्रेटा कार और नगदी की मांग कर बैठा. मां-बाप ने शादी के बड़े अरमान सजाए थे, दुल्हन ने आंखों में काजल और हाथों में मेहंदी रचाई थी, लेकिन वह इंतज़ार ही करती रह गई.
शहर के एक होटल में दोनों बेटियों की शादी की भव्य तैयारी की गई थी. एक बेटी का निकाह तय समय पर हो गया, लेकिन दूसरी बेटी के लिए बारात आई ही नहीं. काफी देर बाद दूल्हे की मां और कुछ रिश्तेदार वहां पहुंचे, लेकिन दूल्हा नदारद. पूछने पर बताया गया कि जब तक दहेज में क्रेटा कार और नगदी नहीं मिलेगी, दूल्हा बारात लेकर नहीं आएगा. यह सुनते ही दुल्हन पक्ष के होश उड़ गए. काफी मान-मनौवल किया गया, लेकिन दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा.
दुल्हन के पिता ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों की शादी एक ही परिवार में तय हुई थी. शादी वाराणसी के पत्थर गली, कोदई चौकी निवासी कबीर उर्फ वज़ीर के घर होनी थी. उन्होंने बताया कि जब पहली बेटी का निकाह संपन्न हो गया, तो उन्हें कोई शक नहीं हुआ. लेकिन जब दूसरी बेटी की बारात काफी देर बाद भी नहीं पहुंची और फोन करने पर दूल्हे ने ‘क्रेटा चाहिए’ की शर्त रखी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
बात बिगड़ती देख दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की मां समेत अन्य लोगों को बंधक बना लिया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मौके पर बक्सा थाने की पुलिस पहुंची. पुलिस ने बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया और दोनों पक्षों में सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा अपनी ज़िद से टस से मस नहीं हुआ.
थक-हार कर दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे और उसके परिवारजनों के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया. सीओ सिटी देवेश सिंह ने पुष्टि की कि दहेज मांगने, शादी से इनकार करने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब गहन जांच में जुटी है.
.webp)
