1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : सपही गांव के एक मकान में चोरों ने बोला धावा, 60 हजार रुपये नकद समेत 40 लाख के गहने चुराए, शादी में गया था परिवार

Chori

Jaunpur : कोतवाली क्षेत्र के सपही गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक मकान से 60 हजार रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिए। चोरी की यह घटना उस वक्त हुई जब मकान में रह रहे परिजन पास के ही दूसरे घर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

छत के रास्ते घुसे चोर, तोड़ा दरवाज़ा

जानकारी के मुताबिक, सपही गांव निवासी राघवेंद्र सिंह के बहनोई बृजेश कुमार सिंह, जो प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी और परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। शादी समारोह राघवेंद्र सिंह के पुराने मकान से लगभग 150 मीटर दूर स्थित दूसरे घर में हो रहा था। सभी रिश्तेदार अपना सामान पुराने मकान में रखकर समारोह में चले गए।

रात में अज्ञात चोर पास में बने निर्माणाधीन मकान की सीढ़ियों से छत पर चढ़कर आंगन के रास्ते नीचे उतरे और कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने घर में रखे ₹60,000 नगद और करीब ₹40 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

लौटते ही खुला चोरी का राज

शादी समारोह से लौटने के बाद जब परिजन मकान पर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और कमरा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था। अंदर रखे सामान के गायब होने पर तुरंत मड़ियाहूं पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की और प्रतापगढ़ निवासी बृजेश कुमार सिंह की लिखित तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।”

ग्रामीणों में दहशत

घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।