1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत, बारिश से बचने के लिए खड़े थे पेड़ के नीचे

jaunpur

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर-गौर गांव में बुधवार दोपहर बादल गरजते ही आकाशीय बिजली ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे गांव में मातम पसर गया। गांव के दो मासूम बच्चे बारिश से बचने के लिए शीशम के पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, तभी अचानक गिरी आसमानी बिजली ने दोनों की मौके पर ही जान ले ली। दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया।

jnp

ग्रामीणों के मुताबिक घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुई। गांव के लालमन का 15 वर्षीय बेटा किशन और पड़ोसी बुधीराम का 13 वर्षीय बेटा अतुल बारिश से बचने के लिए घर से कुछ दूरी पर खड़े शीशम के पेड़ के नीचे जा पहुंचे। तभी अचानक गिरी बिजली ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज धमाके के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों बच्चे झुलसे हुए पड़े थे। परिजनों ने जैसे ही यह मंजर देखा, चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली से लगने वाला करंट ही पाया गया है।
 

पिता ने मा किया था घर से बाहर जाने को

मृतक किशन के पिता लालमन का दर्द शब्दों में बयां नहीं हो पा रहा। मजदूरी कर परिवार का पालन करने वाले लालमन ने बताया कि सुबह से ही मौसम खराब था, इसलिए उन्होंने बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी थी। लेकिन चंचल स्वभाव के किशन ने पिता की बात नहीं मानी। लालमन ने बताया कि किशन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा 5 में पढ़ता था। पढ़ाई में बेहद होनहार किशन का यूं अचानक दुनिया छोड़ देना पूरे परिवार को भीतर तक तोड़ गया है।

फोन पर सुनी बेटे की मौत की खबर, फूट-फूटकर रो पड़े बुधीराम

दूसरे मृतक 13 वर्षीय अतुल के पिता बुधीराम की चीख गांव में देर तक गूंजती रही। जैसे ही परिजनों ने फोन पर बेटे की मौत की सूचना दी, वह बेसुध होकर रोने लगे। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का गुजारा करने वाले बुधीराम के चार बच्चों में अतुल तीसरे नंबर पर था और कक्षा 3 का छात्र था। आर्थिक रूप से कमजोर यह परिवार इस हादसे से पूरी तरह टूट गया है।

पूरे गांव में पसरा सन्नाटा

एक ही गांव के दो मासूमों की दर्दनाक मौत से सुल्तानपुर-गौर का माहौल गमगीन है। हर कोई इस हादसे को लेकर दहशत में है। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर तक जहां बच्चे खेलकूद में व्यस्त थे, वहीं शाम होते-होते गांव का हर कोना मातम में डूब गया। लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन आंखों से निकलते आंसू उनके गहरे दुख को बयां कर रहे हैं।

यह हृदय विदारक घटना न केवल दो परिवारों को उजाड़ गई, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। >