Jaunpur: देवरानी-जेठानी के विवाद में डंडे से महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, FIR दर्ज

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के नगहटी गांव में देवरानी-जेठानी के बीच विवाद के दौरान मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो की जांच के बाद एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक युवक हाथ में डंडा लेकर घर से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह एक महिला पर डंडे से हमला करता नजर आता है। युवक महिला पर लगातार डंडे बरसाता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो प्रसारित होने के बाद इसे नगहटी गांव का बताया गया।
पुलिस ने वीडियो की जांच की तो घटना नगहटी गांव की ही पाई गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला देवरानी-जेठानी के बीच विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों में आए दिन विवाद होता रहता है। इस मामले में रेखा देवी की ओर से रंजीत गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
