Jaunpur : प्रसव के दौरान महिला की मौत, कोर्ट ने दिया जांच का आदेश

जौनपुर: बदलापुर बाजार स्थित तान्या हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान मुन्नी गुप्ता की मौत के मामले में जौनपुर की अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन द्वितीय) की अदालत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को टीम गठित कर जांच कराने का आदेश दिया है। अदालत ने जांच रिपोर्ट 20 फरवरी 2025 तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
वादी डब्लू गुप्ता ने कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती पत्नी मुन्नी गुप्ता को आशा कार्यकर्ता अरुणा गुप्ता ने सरकारी अस्पताल, बदलापुर में प्रसव कराने का आश्वासन दिया। वादी के घर से सामान लेने के दौरान आशा कार्यकर्ता ने उनकी पत्नी को तान्या हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती करवा दिया।
तान्या हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक पुत्री का जन्म हुआ, लेकिन महिला की तबीयत बिगड़ गई। वादी के अनुसार, डॉक्टरों ने एक इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनकी पत्नी को कमर में तेज दर्द हुआ। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने महिला को सदर अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी पत्नी की मौत हो गई।
वादी ने इस घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक जौनपुर से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का रुख किया।
प्राथमिकी दर्ज न होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को टीम गठित कर निष्पक्ष जांच का आदेश दिया है। अदालत ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2025 तय की है।
परिवार की मांग:
वादी ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
.webp)
