Jaunpur : युवक को घर से फोन कर बुलाया, फिर मार दी गोली, हालत गंभीर

जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुजार में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। टेंट हाउस संचालक के भतीजे धीरज यादव (22) को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। धीरज की हालत गंभीर है और उसे प्राथमिक इलाज के बाद बीएचयू, वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
धीरज यादव, जो कि देवरिया निवासी राजेंद्र यादव का भतीजा है, मुंबई में काम करता है और इन दिनों घर में आयोजित शादी में शामिल होने के लिए आया हुआ था। परिजनों के अनुसार रात में उसे एक फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर निकला। इसी दौरान मुजार गांव में बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और घायल धीरज को जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत बीएचयू रेफर कर दिया।
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि धीरज को सिकरारा निवासी राजा पासी और कुछ अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर पर राजा पासी समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। संयुक्त प्रयास से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल असलहा भी बरामद कर लिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर को निर्देश दिए गए हैं कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जाए और नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
.webp)
