Jaunpur: अज्ञात वाहन की टक्कर से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, सुबह मॅार्निग वॅाक पर निकला था

जौनपुर। मछलीशहर क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। जहांसापुर गांव निवासी 27 वर्षीय सोनू पटेल की उस वक्त मौत हो गई जब वह सुबह टहलने के लिए निकला था। जौनपुर-इलाहाबाद हाईवे पर श्रीनेतगंज बाजार से महज 100 मीटर पहले अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू पटरी पर बेसुध पड़ा मिला। मार्निंग वाक पर निकले अन्य लोगों ने जब उन्हें सड़क किनारे पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सोनू को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार पटेल ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन व चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
सोनू पटेल अपने घर के सबसे बड़े बेटे थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। वह रोजाना की तरह सोमवार की सुबह करीब चार बजे घर से टहलने निकले थे, लेकिन किसे पता था कि यह सुबह उनके जीवन की आखिरी सुबह होगी।
उनकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोनू की एक मात्र पांच वर्षीय बेटी शिवानी पटेल है, जो अब पिता के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई है। पिता के अचानक चले जाने से बेटी और पत्नी के सामने जीवन यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
.webp)
