Jaunpur : मनगढ़ धाम से लौटते समय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

जौनपुर। मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे युवक की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा जौनपुर जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के लौंदा गांव निवासी एक युवक के साथ उस समय हुआ, जब वह रविवार देर रात अपने मित्र के साथ बाइक से लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, लौंदा गांव निवासी आदित्य सिंह (20) पुत्र अमर बहादुर सिंह रविवार को अपने गांव के ही मित्र लाल बहादुर सोनी के साथ बाइक से प्रतापगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनगढ़ धाम के दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद रात करीब 10 बजे दोनों दोस्त बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे प्रतापगढ़ जनपद के मोहनगंज इलाके से होकर गुजर रहे थे, तो रास्ते में सड़क किनारे लगे एक हैण्डपम्प पर पानी पीने के लिए रुके।
बयान के मुताबिक, आदित्य बाइक की डिग्गी से पानी की बोतल निकालकर सड़क के दूसरी तरफ स्थित हैण्डपम्प की ओर जैसे ही मुड़ा, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आदित्य कई फीट दूर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद उसके साथी लाल बहादुर सोनी पूरी तरह बदहवास हो गया। उसने तुरंत घटना की सूचना गांव में आदित्य के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन चीख-पुकार करते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। घर वालों ने शव को घर लाकर स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी।
परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक दो भाई था। उसका बड़ा भाई विकलांग था, जिसकी दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। अब इस दर्दनाक हादसे में आदित्य की भी जान चली गई, जिससे परिवार पूरी तरह से टूट गया है। माता-पिता का इकलौता सहारा भी उनसे छिन गया।
शव से लिपटकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। दम्पती की चीत्कार से गांव में मातम छा गया। हर कोई यही कहता दिखा कि "जिसे देखकर घर में रौनक थी, वो अब एक तस्वीर बनकर दीवार पर टंग जाएगा।"
घटना की सूचना पर सरपतहां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत अन्त्यपरीक्षण हेतु भेजा गया है।
.webp)
