1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : सेल्फी लेते समय नदी में डूबा युवक, दर्शन करने गया था कैथी मार्कंडेय महादेव मंदिर

Dubane

जौनपुर। गजहड़ा (बरइक्षाबीर) गांव का एक 17 वर्षीय युवक बुधवार सुबह उस समय मौत के मुंह में समा गया, जब वह अपने दोस्तों के साथ गंगा-गोमती संगम घाट पर स्नान करते हुए सेल्फी खींचने की कोशिश कर रहा था। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्तों को नाविकों ने बचा लिया।

घटना बुधवार भोर लगभग 4 बजे की है, जब हर्ष यादव उर्फ नितिन पुत्र अजय यादव अपने दो साथियों – अजय यादव और प्रिंस यादव के साथ वाराणसी जिले के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर के दर्शन के लिए निकला था। मंदिर पहुंचने से पहले तीनों गंगा-गोमती संगम घाट पर स्नान के लिए चले गए।

सेल्फी लेने के दौरान बिगड़ा संतुलन

नदी में नहाते समय तीनों दोस्त सेल्फी लेने लगे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और तीनों गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने तत्काल दो युवकों को बचा लिया, लेकिन हर्ष यादव गहरे पानी में डूब गया।

शव दो घंटे बाद मिला

सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हर्ष का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को

चौबेपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक हर्ष इस वर्ष 12वीं की परीक्षा पास कर चुका था और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।

इस दर्दनाक हादसे ने गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। स्थानीय लोग घाट पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।