1. Home
  2. जौनपुर

Jaunpur : समूह लोन के दबाव में युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार

Jaunpur : समूह लोन के दबाव में युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार

जौनपुर: चन्दवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में बुधवार सुबह एक युवक की पेड़ से लटकती लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय मनोज वर्मा पुत्र कांता वर्मा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मनोज समूह लोन के दबाव से परेशान था और इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या कर ली।


सूत्रों के अनुसार, मनोज ने तीन अलग-अलग समूहों से लोन लिया था, जिनकी साप्ताहिक किस्तें क्रमशः 1300, 1650 और 1700 रुपये थीं। कुल मिलाकर हर हफ्ते उसे लगभग 4500 रुपये चुकाने पड़ते थे। आर्थिक तंगी के कारण वह इन किस्तों का भुगतान करने में असमर्थ हो गया था।

मुंबई से बीमार लौटे था मनोज

कर्ज चुकाने और रोजगार की तलाश में मनोज मुंबई जाकर दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था, लेकिन कुछ समय पहले स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वह घर लौट आया। घर लौटने के बाद भी समूह एजेंटों द्वारा लगातार पैसे चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में था।

सुबह पेड़ से लटकती मिली लाश

मंगलवार शाम से लापता मनोज का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर बेल के पेड़ से साड़ी के फंदे से लटकता मिला। गांव वालों ने जब शव देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय सीधे शव का अंतिम संस्कार कर दिया। चन्दवक थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि इस मामले में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई है।


मनोज की पत्नी सविता घर-घर जाकर बर्तन मांजकर परिवार का गुजारा कर रही थीं। उनके चार बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। मनोज की मौत ने परिवार को गहरे सदमे और आर्थिक संकट में डाल दिया है।


यह घटना समूह एजेंटों की वसूली के तौर-तरीकों पर सवाल खड़े करती है। मनोज की मौत ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या समूह लोन देने वाली संस्थाओं को वसूली के दौरान लोगों की मानसिक स्थिति का ध्यान रखना चाहिए?