Juanpur : धर्मापुर में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा ने भरी हुंकार, 1 मई को दिल्ली के लिए करेंगे कूच

Jaunpur News: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा धर्मापुर इकाई ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। आगामी 1 मई को दिल्ली में प्रस्तावित विशाल धरने को लेकर होटल रिवर व्यू में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली कूच की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता मण्डल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने की जबकि संचालन जिला कोषाध्यक्ष नन्द लाल पुष्पक ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यकारिणी का पुनर्गठन भी किया गया और आंदोलन की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सतेन्द्र रॉय, प्रो. डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय, डॉ. राजेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष चन्दन सिंह, जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव, महिला विंग अध्यक्ष रेनू, सहित कई गणमान्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला विंग की सक्रिय सहभागिता भी इस कार्यक्रम की विशेषता रही।
ब्लॉक अध्यक्ष मनीष कुमार ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया और सभी को संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल पेंशन के लिए नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए है।
बैठक में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के रंगनाथ दुबे, संरक्षक अखिलेश यादव, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार, श्याम बहादुर, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता – कमलेश यादव, शांति प्रताप, अभिनव, रेखा, गुंजा, मीनाक्षी, पूनम, आदि ने भी अपने विचार रखे और पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
अटेवा की यह बैठक न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक रही, बल्कि यह संदेश भी दिया कि कर्मचारी वर्ग अपने अधिकारों को लेकर अब और अधिक मुखर एवं संगठित हो चुका है।
.webp)
