विधायक पंकज पटेल ने सुजानगंज को नगर पालिका बनाने की उठाई मांग

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर के विधायक पंकज पटेल ने विधानसभा सत्र के दौरान सुजानगंज को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने मुंगराबादशाहपुर में बाईपास और खेल स्टेडियम के निर्माण का मुद्दा भी सदन में जोरशोर से रखा।
विधायक पंकज पटेल ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ जा रहे लाखों श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यदि मुंगराबादशाहपुर में बाईपास बना होता तो यह परेशानी नहीं होती। उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रदेश में प्रतिदिन नौ किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का दावा कर रहा है, लेकिन उनकी विधानसभा में तीन साल में एक किलोमीटर सड़क भी चौड़ी नहीं हो पाई।
उन्होंने मछलीशहर बरईपार से उसरा बाजार, सुजानगंज बरईपार से सिकरारा और मुंगराबादशाहपुर से जंघई तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की। साथ ही सुजानगंज को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय जनता को काफी सहूलियत मिलेगी।
मुंगराबादशाहपुर में स्टेडियम निर्माण की मांग पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि तीन साल बीतने के बावजूद अब तक कार्य नहीं हुआ। इसके अलावा, उन्होंने करनौली, कुरूडिया, असवां, गोहानी, दान, रामगढ़ा और देवकली समेत कई गांवों में विद्युतीकरण की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि बार-बार प्रस्ताव देने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
.webp)
