1. Home
  2. जौनपुर

नहर में मिला अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव, जांच में जुटी पुलिस

नहर में मिला अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुरशारदा सहायक खंड 36 नहर में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नहर के पास से गुजर रहे एक राहगीर ने पानी में तैरती हुई लाश देखी। पास जाकर उसने पाया कि यह एक महिला का शव है, जो पूरी तरह निर्वस्त्र थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, शव करीब 8-10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और संभवतः यह कहीं और से बहकर आया है। महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास महिला की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।