1. Home
  2. जौनपुर

जौनपुर: सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

जौनपुर: सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र के बड़ागांव में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बरेली जनपद के भमौरा थाना क्षेत्र के लहर बल्लियां निवासी अनिल कुमार (30) और सरपतहां थाना क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर खमपुर गांव निवासी शिवशंकर बिंद (22) बड़ागांव में किराये के मकान में रहते थे। अनिल कुमार ठेले पर मिठाई बेचकर अपना परिवार चलाते थे, जबकि शिवशंकर मोटर मैकेनिक का काम करते थे।

बुधवार सुबह दोनों शौच के लिए सड़क किनारे जा रहे थे। जैसे ही वे यूनियन बैंक के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। शिवशंकर की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

स्थानीय लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।