मालगाड़ी से कटकर युवक की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ रेल प्रखंड पर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गरियांव गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। तुरंत ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान युवक की पहचान उसके जेब में मिले आधार कार्ड से की। मृतक का नाम लाल साहब बिंद (30), पुत्र राम शिरोमणि बिंद था, जो ग्राम सदरेपुर, हंडिया, प्रयागराज का निवासी था।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से कटकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
.webp)
