1. Home
  2. जौनपुर

पौधारोपण कर पीयू ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

...

जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को प्रकृति संरक्षण को लेकर जागरूकता दिखाई दी। राष्ट्रीय सेवा योजना भवन परिसर में आयोजित आयोजन की शुरुआत कुलपति प्रो. वन्दना सिंह ने अशोक का पौधा रोपकर की। इस दौरान मौजूद लोगों को धरती को सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया।

कुलपति प्रो. वन्दना सिंह ने कहा कि बदलते दौर में स्वच्छ वातावरण मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी बन चुका है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय को बेहतर बनाने के लिए वृक्षारोपण, जल बचाव और साफ-सफाई जैसी छोटी पहल बेहद अहम हैं। उनके अनुसार प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाना हर व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने तथा उनकी देखरेख करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हराभरा भविष्य तैयार किया जा सकता है।

इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. मनोज पांडेय, राधेश्याम सिंह, उत्कर्ष सिंह, शीलनिधि सिंह, सर्वेश यादव समेत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।