पीयूकैट-2026 की अधिसूचना जारी, जानें कब से होगी प्रवेश परीक्षा

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पीयूकैट-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 मई 2026 से समर्थ पोर्टल पर शुरू हो चुकी है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। अंतिम सेमेस्टर अथवा अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं भी आवेदन के पात्र होंगे।
पीयूकैट-2026 की प्रवेश परीक्षा 29 एवं 30 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद 30 जून की शाम उत्तर कुंजी जारी होगी, जबकि 5 जुलाई 2026 को परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके बाद 9 जुलाई से काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी।
पीयूकैट समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा नहीं होगी, उनमें भी 09 जुलाई से संबंधित विभागों द्वारा काउंसिलिंग कराई जाएगी।
बता दें कि, विश्वविद्यालय परिसर में इस वर्ष 56 विषयों तथा एक सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं। विषयवार सीटों, पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
.webp)
