बारिश बनी आफत! जौनपुर में 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद

जौनपुर। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और कई इलाकों में जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में 1 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, यह आदेश जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड से संबद्ध कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों पर लागू होगा।
विद्यार्थियों की रहेगी छुट्टी
आदेश के तहत 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल में शिक्षण कार्य नहीं होगा। बारिश और जलभराव के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें विद्यालय आने से स्पष्ट रूप से मना किया गया है।
शिक्षकों को स्कूल पहुंचना होगा
हालांकि, स्कूल बंद रहने के बावजूद शिक्षकों और संबंधित कर्मचारियों के लिए अलग निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के मुताबिक, सभी शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे।
शिक्षकों को विशेष रूप से अपार (APAAR), यू-डायस (UDISE) और अन्य विभागीय कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीईओ को अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से यह फैसला अत्यधिक बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
.webp)
