समाजवादी मजदूर सभा मासिक बैठक : मजदूरों के पैसों से हो रहा भ्रष्टाचार, 2027 में श्रमिक जनविरोधी सरकार को देंगे जवाब- डॉ. अमित यादव

Jaunpur News : जौनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अर्जुन भवन में समाजवादी मजदूर सभा की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में श्रमिक वर्ग के अधिकारों और उत्पीड़न की घटनाओं पर गंभीर चर्चा हुई, साथ ही मजदूरों की ताकत को संगठित कर भविष्य की रणनीति तय की गई।

मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार श्रमिकों के हितों को लगातार नजरअंदाज कर रही है और उनकी मेहनत की कमाई का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

“मजदूरों के पैसों से हो रहा भ्रष्टाचार”
डॉ. यादव ने कहा कि बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स बोर्ड के फंड में बड़े स्तर पर अनियमितता हो रही है। उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में इस बजट का उपयोग मजदूरों को साइकिल, औजार और अन्य लाभ देने में होता था, जबकि अब इस राशि का प्रयोग सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों में किया जा रहा है।

उन्होंने जौनपुर में हाल ही में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि “इस कार्यक्रम में एक भाई-बहन की शादी कर दी गई, जो बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अभी तक इस योजना के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे सरकार की नीयत पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं।
“2027 में श्रमिक देंगे जवाब”
डॉ. अमित यादव ने जोर देते हुए कहा कि “प्रदेश के मेहनतकश लोग इस जनविरोधी सरकार को 2027 में उखाड़ फेंकेंगे। यह सरकार न तो श्रमिकों का भला चाहती है और न ही उनकी आवाज़ सुनना चाहती है।” उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और श्रमिकों को जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद पांडे, प्रदेश सचिव साहब लाल गौतम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार साझा किए। जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की और सभी विधानसभा अध्यक्षों से अपील की कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को ‘स्वाभिमान सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव मंजय कन्नौजिया ने किया। इस अवसर पर प्रदीप यादव, सादिक अली, डॉ. अजय यादव, विशाल कन्नौजिया, मो. अजीम, जेके निषाद, अरविंद यादव, अमरनाथ सेठ, अनीस खान, संदीप सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.webp)
