1. Home
  2. जौनपुर

Sheetala Ashtami : शीतला चौकियां धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मां के जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर

Sheetala Ashtami : शीतला चौकियां धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मां के जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर

Sheetala Ashtami : चैत्र मास की अष्टमी तिथि (Sheetala Ashtami) पर शनिवार को शीतला चौकियां धाम (Sheetla Chaukiya Dham) में भक्तों का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने माता शीतला का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के कपाट प्रातः काल खुलते ही माता का भव्य श्रृंगार कर आरती एवं हवन-पूजन किया गया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जो दोपहर 2 बजे तक जारी रहीं। महिलाओं ने हलुआ-पूड़ी, रोट, फूल-मालाएं और प्रसाद अर्पित कर माता को हल्दी का लेपन किया और विशेष रूप से बसीऔरा दर्शन किया। मंदिर परिसर में स्थित पवित्र कुंड में भी श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक पूजन किया।

इस विशेष अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों, झालरों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। माता शीतला के दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं ने काल भैरवनाथ मंदिर और काली माता मंदिर में भी मत्था टेका।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शीतला चौकियां चौकी प्रभारी ईश चंद यादव अपने सहयोगी पुलिस बल के साथ कतार में लगे भक्तों को सुचारू रूप से दर्शन कराने में जुटे रहे।

इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा, और श्रद्धालुओं ने माता शीतला की कृपा प्राप्त कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।