AI तस्वीरों पर भड़की सपा सांसद प्रिया सरोज, BJP नेता समेत दो पर दर्ज कराई FIR

प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने जौनपुर के कथित बीजेपी आईटी सेल प्रभारी आमोद सिंह और एडवोकेट विशाल सिंह के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सांसद ने आरोप लगाया कि दोनों ने सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सामग्री साझा कर उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
“AI तस्वीरों से बदनाम करने की कोशिश”
अपनी शिकायत में प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने कहा, “नकली तस्वीरें और झूठा माहौल बनाकर मुझे बदनाम करने की साजिश की गई। यह राजनीति नहीं, बल्कि डर और घबराहट का संकेत है।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ AI जनरेटेड साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और यह मामला उसी का एक गंभीर उदाहरण है। सांसद ने कहा कि इस तरह की हरकतों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
“प्रतिष्ठा धूमिल करने की कोशिश”
सपा सांसद ने कहा कि AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर फर्जी तस्वीरें बनाना और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करना गंभीर अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट्स के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी आमोद सिंह खुद को जौनपुर बीजेपी का जिला मीडिया प्रभारी बताते हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कई लोग प्रिया सरोज के समर्थन में सामने आए हैं और महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
.webp)
