Jaunpur: ड्यूटी में लापरवाही पर SSP सख्त, तीन दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड

जौनपुर। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तीन उपनिरीक्षकों समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और विभागीय अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।
एसएसपी द्वारा की गई जांच और समीक्षा के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों के कार्य व्यवहार में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद विभागीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि जनपद में पुलिसिंग की गुणवत्ता और जवाबदेही से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना सिंगरामऊ में तैनात उपनिरीक्षक राजेश राम, थाना सिकरारा के उपनिरीक्षक हृदयानंद, थाना खुटहन के उपनिरीक्षक अक्षय कुमार, थाना सिकरारा के आरक्षी शिवजी राय और थाना खुटहन के आरक्षी राजेश कुमार यादव शामिल हैं।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। एसएसपी की इस कार्रवाई को जनपद में अनुशासनहीनता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के रूप में देखा जा रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
.webp)
