सशक्त महिला ही समाज और देश की असली पहचान है : डॉ. रागिनी सोनकर

जौनपुर। मछली शहर के नदियाव ग्रामसभा में रविवार को महिला सशक्तिकरण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाजवादी पार्टी की विधायक और स्टार प्रचारक डॉक्टर रागिनी सोनकर के निर्माणाधीन आवास पर हुआ। इस आयोजन में ठंड के बावजूद हजारों महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कंबल वितरण किया गया और बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए।
डॉ. रागिनी सोनकर ने इस अवसर पर कहा कि इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि सशक्त महिला ही समाज और देश की असली पहचान है। उन्होंने बताया कि जब एक महिला आगे बढ़ती है, तो उसके साथ पूरा परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके द्वारा उठाए गए कदम महिलाओं को उनके अधिकारों और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेंगे।
विधायक ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने समाज में महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान से वंचित रखने वाली कुप्रथाओं जैसे बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा, "पढ़ी-लिखी नारी, घर-घर की उजियारी" के मंत्र के साथ महिलाएं समाज और परिवार को आगे बढ़ाती हैं। उनका मानना है कि महिला सशक्तिकरण के बिना किसी भी राष्ट्र की प्रगति अधूरी रहती है।
उन्होंने इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कैलाशनाथ सोनकर, अभिमन्यु यादव (पूर्व प्रमुख), श्याम जी यादव (प्रधान), सूर्यभान यादव (प्रधान), विधानसभा अध्यक्ष विवेक यादव, ब्लाक अध्यक्ष नन्हे यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोहित दुबे और विधानसभा उपाध्यक्ष सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे।
.webp)
