VBSPU: मिशन वीरांगना पर दस दिनी कार्यशाला का आयोजन, छात्राओं को दी गई मार्शल आर्ट और ताइक्वांडो की ट्रेनिंग

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास में मिशन शक्ति फेज 5 के अंतर्गत "मिशन वीरांगना" विषय पर दस दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिला अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के तौर-तरीके सिखाए, जिसमें मार्शल आर्ट और ताइक्वांडो की ट्रेनिंग दी गई।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में कुलसचिव महेंद्र कुमार ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की ट्रेनिंग से आप हर परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार होती हैं। जो विपरीत परिस्थितियों का सामना करता है, वही अंततः सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ रही हैं।
विशिष्ट अतिथि वित्त अधिकारी संजय कुमार राय ने कहा कि जीवन में सफलता तब मिलती है जब हौसला बना रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान हमें समान अधिकार प्रदान करता है, और समाज में लिंग समानता बनाए रखने के लिए हमें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत होना चाहिए।
अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने कहा कि पठन-पाठन के साथ इस तरह की कार्यशालाएं मानसिक मजबूती के लिए जरूरी हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और शारीरिक रूप से फिट रहने की सलाह दी।
कार्यशाला के प्रशिक्षक राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी प्रवीण मिश्रा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट और ताइक्वांडो की तकनीक से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बेटियों को सेल्फ डिफेंस की जानकारी भी होनी चाहिए।
महिला अध्ययन केंद्र की प्रभारी डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की और अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार, डॉ. वनीता सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. पूजा सक्सेना, डॉ. जया शुक्ला, डॉ. निमिषा यादव, समरीन तबस्सुम समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
.webp)
