1. Home
  2. जौनपुर

ई-रिक्शा और बस की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर रूप से घायल

ई-रिक्शा और बस की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर रूप से घायल

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर स्थित सिद्धिकपुर गांव के पास शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस और सवारी से भरे ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें ई-रिक्शा चालक बुरी तरह घायल हो गया। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मनवल गांव निवासी बेचन गौतम का बेटा अनिल गौतम (45) अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए ई-रिक्शा चलाता था। रोज की तरह शनिवार को भी वह सवारियों को लेकर जौनपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सिद्धिकपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही अनियंत्रित बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक अनिल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस मामले में थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन बस को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।