किसानों की उन्नति से ही देश की प्रगति: राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव

जौनपुर।कृषि विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय विराट किसान मेला का समापन शनिवार को बक्शा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि देश की आत्मा है और किसानों की उन्नति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को प्रोत्साहित कर रही है। किसान मेलों, गोष्ठियों और प्रदर्शनियों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है ताकि वे कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में "श्री अन्न (मिलेट्स) रेसिपी प्रतियोगिता" और उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंत्री ने कहा कि मोटे अनाज, जिन्हें कभी गरीबों का भोजन माना जाता था, आज उनके पोषण गुणों के कारण "सुपरफूड्स" के रूप में पहचाने जा रहे हैं। उन्होंने श्री अन्न योजना की उपयोगिता पर जोर देते हुए इसे स्वास्थ्य और पोषण का खजाना बताया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने किसानों से आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर खेती को लाभकारी बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि की अगली किस्त के लिए फार्मर रजिस्ट्री और गोल्डन कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।
इस अवसर पर विभिन्न वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की उन्नत तकनीक, श्री अन्न के उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन की जानकारी दी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मानवी, अर्शिता, अल्का (टीडी पीजी कॉलेज) रहीं। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। संचालन डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया।
.webp)
