UP BEd Result 2025 : जौनपुर की शिवांगी यादव को बीएड प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में मिला तीसरा स्थान, जिले का बढ़ाया मान

Jaunpur : उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2025 में जौनपुर जनपद की होनहार छात्रा शिवांगी यादव ने पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के तत्वावधान में 1 जून को आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम मंगलवार को लखनऊ में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने संयुक्त रूप से घोषित किया।
धर्मपुर ब्लॉक के समैंसा गांव की निवासी शिवांगी वर्तमान में टीडी कॉलेज, जौनपुर से बीए अंतिम वर्ष (छठा सेमेस्टर) की छात्रा हैं। उन्होंने 400 में से 331.992 अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर तीसरी रैंक हासिल की। परीक्षा की तैयारी उन्होंने जौनपुर शहर में अपने बड़े भाई आदर्श यादव उर्फ गौरव के साथ रहकर की, जो स्वयं सुपर-टेट की तैयारी कर रहे हैं और बहन की पढ़ाई में सहयोग करते हैं।
शिवांगी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाई, माता-पिता और पूरे परिवार को दिया। उनके पिता रविन्द्र कुमार यादव सहारनपुर में राजस्व विभाग में कनिष्ठ लिपिक पद पर कार्यरत हैं और माता ललिता देवी एक गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि परिवार का सहयोग और पढ़ाई के प्रति अनुकूल माहौल ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
अपनी दिनचर्या के बारे में शिवांगी ने बताया कि वह सुबह चार बजे उठकर पहले घर के कामों में हाथ बंटाती थीं और फिर पूरी लगन से पढ़ाई करती थीं। उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी और अनुशासन के साथ पढ़ाई को प्राथमिकता दी। उनका सपना शिक्षिका बनना है और इस परीक्षा के माध्यम से वह अपने लक्ष्य के और करीब पहुंची हैं।
शिवांगी की सफलता से न सिर्फ उनके परिजन बल्कि पूरा गांव और जिला गौरवान्वित है। ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। शिक्षकों, मित्रों और ग्रामीणों द्वारा लगातार उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।
उनकी छोटी बहन दिव्या यादव भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और वर्तमान में राज कॉलेज से बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। शिवांगी ने अन्य छात्रों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, तो हर बाधा पार की जा सकती है।
.webp)
