1. Home
  2. जौनपुर

वाराणसी-अयोध्या रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की दूसरे दिन भी नहीं हुई शिनाख्त, हत्या या आत्महत्या को लेकर उलझी पुलिस

suicide

Jaunpur News: वाराणसी-अयोध्या रेलखंड के ताखा पश्चिम शिवपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिले लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त दूसरे दिन भी नहीं हो सकी। पुलिस लगातार मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, वहीं घटना को लेकर हत्या या आत्महत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है।

शुक्रवार की दोपहर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मातहतों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

जांच के दौरान वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस के चालक संतोष सिंह ने बताया कि युवक ने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगाई थी। हैरानी की बात यह रही कि मृतक के दोनों हाथ गमछे से बंधे हुए थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

स्थानीय लोगों ने जब शव को रेलवे ट्रैक के मध्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, लेकिन मृतक की पहचान से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल सका।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके। शिनाख्त न होने के चलते पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।