1. Home
  2. जौनपुर

वाराणसी-अयोध्या रेलवे ट्रैक के बीच मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

suicide

Jaunpur News : शाहगंज क्षेत्र के ताखा शिवपुर गांव के समीप वाराणसी-अयोध्या रेलवे ट्रैक के मध्य शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों हाथ बंधे हुए थे, गला कटा था, एक आंख निकली हुई थी और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मर्चरी हाउस भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि देखने वालों की रूह कांप गई। मृतक का गला धारदार हथियार से काटा गया था, एक आंख निकाली गई थी और दोनों हाथ गमछे व जूते की डोरी से बांधे गए थे। साथ ही, मृतक के दोनों पैर टूटे हुए थे, जिससे साफ है कि उसके साथ निर्ममता से मारपीट और हत्या की गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शव को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं और हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के बीच फेंका गया है ताकि दुर्घटना का रूप दिया जा सके। घटना की सूचना पर रेलवे कंट्रोल से पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।