1. Home
  2. जौनपुर

VBSPU : मोबाइल टेक्नोलॉजी ने बदला पत्रकारिता का स्वरूप, MoJo से बनाएं सार्थक कंटेंट: कुलपति

VBSPU : मोबाइल टेक्नोलॉजी ने बदला पत्रकारिता का स्वरूप, MoJo से बनाएं सार्थक कंटेंट: कुलपति

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय मोबाइल जर्नलिज्म (मोजो), मीडिया लेखन एवं फोटोग्राफी कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। इस कार्यशाला में मोजो के विभिन्न पहलुओं को पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग और पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से किया गया। समापन समारोह में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।


पत्रकारिता में सत्य और निष्पक्षता जरूरी: कुलपति

कार्यशाला के समापन अवसर पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, और इसका दायित्व सच को उजागर करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य और निष्पक्षता बनाए रखने का संदेश दिया और कहा कि मोजो के माध्यम से समाजोपयोगी कंटेंट तैयार कर समाज को जागरूक करें।

VBSPU : मोबाइल टेक्नोलॉजी ने बदला पत्रकारिता का स्वरूप, MoJo से बनाएं सार्थक कंटेंट: कुलपति

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सत्ता और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका निभाती है और पत्रकारों को हमेशा निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान देना चाहिए।


डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता को दिया नया आयाम: प्रो. राघवेन्द्र मिश्र

कार्यशाला में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक, मध्य प्रदेश के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. राघवेन्द्र मिश्रा ने मीडिया लेखन और मोजो पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और मोबाइल टेक्नोलॉजी ने पत्रकारिता को पूरी तरह बदल दिया है।

उन्होंने बताया कि पहले समाचार केवल प्रिंट मीडिया, रेडियो और टेलीविजन तक सीमित थे, लेकिन अब हर व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से पत्रकार की भूमिका निभा सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नोलॉजी पत्रकारिता के नए युग को परिभाषित कर रही हैं।


सोशल मीडिया ने बदल दी खबरों की गेटकीपिंग प्रक्रिया

प्रो. मिश्रा ने कहा कि पहले समाचारों को प्रकाशित करने से पहले गेटकीपिंग (संपादकीय जांच) की प्रक्रिया होती थी, लेकिन सोशल मीडिया के प्रसार के कारण यह व्यवस्था खत्म हो रही है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में पत्रकारिता पूरी तरह से डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर निर्भर होगी।


कार्यक्रम का सफल संचालन

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। प्रथम सत्र का संचालन डॉ. सुनील कुमार और द्वितीय सत्र का संचालन डॉ. चंदन सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमित मिश्र ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, अर्पित यादव, डॉ. सुरेंद्र कुमार, राहुल गुप्ता सहित कई शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।