VBSPU : विश्वविद्यालय के छात्रों को प्रोजेक्ट के लिए मिला अनुदान, कुलपति ने दी शुभकामनाएं

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (VBSPU) के इंजीनियरिंग संस्थान के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों को सीएसटी उत्तर प्रदेश इंजीनियरिंग छात्र प्रोजेक्ट अनुदान 2024-25 के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने अनुदान प्राप्त करने वाले छात्रों और उनके प्रोजेक्ट निदेशकों को शुभकामनाएं दीं।
कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर प्रवीण कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट पर कार्यरत छात्र शुभम कुमार और राहुल मौर्य, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के निर्देशन में काम कर रहे छात्र कृष्ण देव राय और रिंसिका दुबे, तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर सौरभ वी. कुमार के निर्देशन में प्रोजेक्ट कर रहे छात्र देवेंद्र यादव को इस अनुदान का लाभ मिला है।
इस उपलब्धि पर संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने छात्रों को बधाई दी और प्रोजेक्ट के सभी प्रमुख लक्ष्यों को हासिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों को ऐसे प्रोजेक्ट पर काम करने की सलाह दी जो समाज के लिए उपयोगी हो। साथ ही, उन्होंने शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रो. पाल ने संस्थान के छात्रों और शिक्षकों को सुझाव दिया कि वे शोध पत्रों और पेटेंट के प्रकाशन पर ध्यान केंद्रित करें, ताकि उनके शोध कार्य को संरक्षित और प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल छात्रों के शैक्षणिक और व्यावसायिक कौशल में वृद्धि होगी, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी योगदान मिलेगा।
.webp)
