अब और नहीं सहेंगे ये शराबी आतंक...बीरीबारी में शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं ने किया जमकर प्रदर्शन

Jaunpur News : चंदवक क्षेत्र के बीरीबारी गांव में रविवार को महिलाओं ने रहवासी इलाके में अंग्रेजी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। हरिजन और राजभर बस्ती की दर्जनों महिलाओं ने दुकान के सामने इकट्ठा होकर नारेबाजी की और शराब बिक्री का विरोध किया।

महिलाओं का कहना था कि पहले से ही गांव में देशी शराब की दुकान मौजूद है, जिससे आए दिन माहौल खराब रहता है। अब अंग्रेजी शराब की दुकान खुलने से गांव में छेड़खानी, गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़े जैसी घटनाएं और बढ़ जाएंगी। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा, “अब और नहीं सहेंगे ये शराबी आतंक। दुकान नहीं हटेगी तो आंदोलन और तेज होगा।”
देखते ही देखते दर्जनों पुरुष भी विरोध में शामिल हो गए। सूचना मिलते ही चंदवक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने फिलहाल दुकान को बंद करवा दिया और लोगों को आश्वासन दिया कि जिला आबकारी अधिकारी से मामले में वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।
चंदवक थाने के प्रभारी निरीक्षक तेजबहादुर सिंह ने कहा, “ग्रामीणों की मांग को देखते हुए दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया है। अंतिम निर्णय आबकारी विभाग द्वारा लिया जाएगा। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
ग्रामीणों खासकर महिलाओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक शराब की दुकान गांव से हटाई नहीं जाती, वे आंदोलन जारी रखेंगी। अब मामला जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के पाले में है, जो तय करेगा कि गांव की शांति और सामाजिक ताने-बाने को प्राथमिकता दी जाएगी या मुनाफे को।
.webp)
