1. Home
  2. महाकुंभ 2025

Mahakumbh 2025 : धीरेंद्र शास्त्री ने ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर जताई नाराजगी, कहा- जिसके भीतर संतत्व का भाव हो...


Mahakumbh 2025 : प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 (Mahakumbh 2025) में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और साधु-संत आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसी क्रम में प्रसिद्ध कथा वाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shashti) भी संगम स्नान करने पहुंचे। महाकुंभ में शिरकत करते हुए उन्होंने हिंदू जागरण और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संदेश दिया। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी (Mamata Kulkarni) को महामंडलेश्वर का दर्जा दिए जाने पर असंतोष जताया।

ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर नाराजगी

उन्होंने कहा, "पदवी उसी व्यक्ति को मिलनी चाहिए जिसके भीतर संतत्व का भाव हो। किसी के प्रभाव में आकर पदवी देना अनुचित है।" उन्होंने यह भी व्यंग्य करते हुए कहा कि वे स्वयं अब तक महामंडलेश्वर नहीं बन पाए हैं।

यह भी पढ़ें- 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री Mamata Kulkarni ने लिया सन्यास, महाकुंभ जाकर किन्नर अखाड़े की बनीं महामंडलेश्वर

सनातन धर्म और हिंदू राष्ट्र का संकल्प

महाकुंभ में "रील वाले" लोगों की चर्चा पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सभी को अपना काम करना चाहिए। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और हिंदू राष्ट्र के गठन को लेकर 27 जनवरी को आयोजित धर्म संसद पर उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही हिंदू राष्ट्र बनेगा।


हिंदू समाज के उत्थान का आह्वान

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि महाकुंभ में उनकी उपस्थिति का उद्देश्य हिंदू समाज को जागरूक करना और उसे एकजुट करना है। उन्होंने कहा, "हिंदू जगेगा, तभी हिंदुस्तान बचेगा।" उनके अनुसार, हिंदू समाज में कई विकृतियां आ गई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए 30 जनवरी को परमार्थ निकेतन शिविर में एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में समाज की कमियों पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।


कथा और अमृत स्नान का कार्यक्रम

धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वे पांच दिनों तक महाकुंभ में रहेंगे। 27 से 29 जनवरी तक वे कथा वाचन करेंगे, जबकि 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर संगम में अमृत स्नान करेंगे। 30 जनवरी को परमार्थ निकेतन में सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें हिंदू समाज की एकजुटता और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।