Mahakumbh 2025 : त्रिवेणी संगम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पत्नी संग लगाई पुण्य की डुबकी, की क्रूज की सवारी, साइबेरियन पक्षियों को खिलाया दाना

Mahakumbh 2025 : भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (Vice President Jagdeep Dhankar) ने शनिवार को तीर्थराज प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस पावन क्षण को उन्होंने "जीवन धन्य करने वाला अवसर" बताया। उपराष्ट्रपति धनखड़ अपनी पत्नी और परिवार संग हेलिकॉप्टर से प्रयागराज पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया।
इसके बाद अरैल संगम घाट की ओर बढ़ते हुए उन्होंने क्रूज पर सवार होकर नौकायन का आनंद लिया और फिर संगम में चिह्नित स्थान पर स्नान किया। इस दौरान स्वस्तिवाचन मंत्रों की गूंज के बीच धनखड़ ने सिर पर शिवलिंग रखकर आस्था की डुबकी लगाई। वृंदावन के मुख्य पुजारी पुंडरीक गोस्वामी ने उनके लिए विशेष पूजन-अर्चन संपन्न कराया।
साइबेरियन पक्षियों को देखकर हुए रोमांचित, अपने हाथों से खिलाया दाना
नौकायन के दौरान उपराष्ट्रपति साइबेरियन पक्षियों को देखकर उत्साहित हो उठे। उन्होंने कलरव करते हुए इन पक्षियों को अपने हाथों से दाना डाला और परिवार सहित इस सुखद अनुभव का आनंद लिया।
इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी संगम के महत्व और महाकुंभ के आध्यात्मिक स्वरूप के बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जानकारी प्राप्त की। गंगा के धवल जल, यमुना की श्यामल धारा और अदृश्य सरस्वती के इस संगम को पावन पुण्य वेला में देखने और स्नान करने के बाद धनखड़ ने स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने त्रिवेणी संगम में स्नान करने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और "तीर्थराज प्रयाग की जय" तथा "हर-हर महादेव" का गगनभेदी उद्घोष किया।
सरस्वती कूप, अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर में की पूजा
संगम स्नान के बाद उपराष्ट्रपति सरस्वती कूप, अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। महाबली हनुमान को उन्होंने रोली, वस्त्र, जनेऊ, सिंदूर, लाल चंदन, माला, धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित किया तथा परिक्रमा भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें इन तीर्थ स्थलों का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी बताया। महाकुंभ 2025 में उत्तर प्रदेश सरकार की तैयारियों को देखकर धनखड़ प्रसन्न हुए और कहा, "अपने जीवन में मैंने इतना भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित आयोजन पहले कभी नहीं देखा। यहाँ आकर जीवन धन्य हो गया।"
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी सहित उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री और उच्च पदस्थ अधिकारी उपस्थित रहे।
.webp)
