NEET पेपर लीक के बाद शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान: अब ऑनलाइन होगा एग्जाम, मिलेगा 15 मिनट एक्स्ट्रा टाइम

NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार (15 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्रों का हित सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट की जगह पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
21 जून को दोबारा होगी परीक्षा
National Testing Agency (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा दोबारा कराने की नई तारीख 21 जून घोषित की है। यह परीक्षा पहले 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “7 मई को परीक्षा को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। जांच के बाद 12 मई तक यह स्पष्ट हो गया कि गेस पेपर की आड़ में असली पेपर बाहर गया था। हम नहीं चाहते कि ईमानदार छात्रों के साथ गलत हो।”
परीक्षा का समय 15 मिनट बढ़ा
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा अवधि भी बढ़ा दी गई है। पहले परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होनी थी, लेकिन अब यह शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के दिन ही NTA ने फीस वापस करने की घोषणा कर दी थी। दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
फिर से चुन सकेंगे परीक्षा शहर
NTA छात्रों को एक सप्ताह का समय देगी ताकि वे अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र शहर दोबारा चुन सकें।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर छात्रों के लिए परिवहन सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा, “मैं खुद मुख्यमंत्रियों से बात करूंगा ताकि छात्रों को परीक्षा के दौरान यात्रा में कम से कम परेशानी हो।”
14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड
NTA के मुताबिक, सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। साथ ही मौसम की संभावित चुनौतियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है।
.webp)
