पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का बड़ा एक्शन, पाकिस्तान से आयात पर पूर तरह रोक

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक नीति के तहत केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से किसी भी प्रकार के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अब पाकिस्तान से किसी भी माध्यम—सीधा या अप्रत्यक्ष—से वस्तुओं का आयात नहीं किया जा सकेगा। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अब न सीमेंट आएगा, न ड्राई फ्रूट
सरकार की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, चाहे वस्तुएं स्वतंत्र रूप से आयात योग्य रही हों या विशेष अनुमति के तहत लाई जाती रही हों, अब उन पर भी रोक लग गई है। इस फैसले में पाकिस्तान से आने वाले सीमेंट, सूखे मेवे और ई-कॉमर्स के जरिए मंगाई गई वस्तुएं भी शामिल हैं। इसका सीधा असर पाकिस्तान के उन उद्योगों पर पड़ेगा जो भारत के बाजार पर निर्भर थे।
आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
सरकार का यह फैसला स्पष्ट संकेत देता है कि जब तक पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंक फैलाने वालों को समर्थन देता रहेगा, तब तक भारत उसके साथ किसी भी प्रकार का व्यापार या सहयोग नहीं करेगा—चाहे वो वाणिज्यिक हो या राजनयिक। भारत ने यह रुख पहले भी पुलवामा हमले के बाद अपनाया था, जब 2019 में पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का दर्जा छीन लिया गया था।
पाकिस्तान पर बढ़ेगा आर्थिक दबाव
इस कदम से पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पर और दबाव बढ़ेगा। पहले से ही गंभीर वित्तीय संकट झेल रही पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था पर भारत के इस प्रतिबंध का असर सीधे उनके विदेशी मुद्रा भंडार और वैश्विक छवि पर पड़ेगा। खासकर जब पाकिस्तान पहले से ही FATF जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की कड़ी निगरानी में है।
पहले भी हुए हैं सख्त फैसले
इससे पहले भारत ने बाघा-अटारी बॉर्डर से व्यापार बंद किया, सिंधु जल संधि को आंशिक रूप से स्थगित किया और पाकिस्तानी नागरिकों को दिए गए वीजा रद्द कर दिए थे। अब आयात प्रतिबंध के जरिए भारत ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के मुद्दे पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
.webp)
