1. Home
  2. राष्ट्रीय

Ajmer Hotel Fire: अजमेर के होटल में लगी भीषण आग, मौत सामने देख मां ने बच्चे को खिड़की से फेंका, एक महिला समेत 4 जिंदा जले

Ajmer Hotel

Ajmer Hotel Fire:  राजस्थान के अजमेर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब डिग्गी बाजार स्थित नाज होटल में भीषण आग लग गई। हादसे में गुजरात के एक दंपती और उनके डेढ़ साल के बेटे समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

महज 30 मिनट में होटल आग की चपेट में

हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। देखते ही देखते आग तेजी से फैली और महज 30 मिनट में होटल की पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि होटल में बड़ी संख्या में जायरीन ठहरे हुए थे। आग पर काबू पाने में करीब साढ़े तीन घंटे का वक्त लगा।

मां ने खिड़की से फेंका बच्चा, युवक ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग

जान बचाने के लिए लोगों ने डरावने कदम उठाए। एक मां ने आग की लपटों से बचाने के लिए अपने छोटे बच्चे को खिड़की से नीचे फेंक दिया। वहीं, एक युवक ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

आग का कारण शॉर्ट सर्किट, बचाव में आई दिक्कत

प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। होटल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने की वजह से दमकल और रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई पुलिस और दमकलकर्मी भी धुएं की चपेट में आने से अस्वस्थ हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- AC फटने की आवाज के बाद मचा हड़कंप

वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मांगीलाल कलोसिया ने बताया कि पहले AC फटने की जोरदार आवाज आई। उसके बाद वह और उनकी पत्नी बाहर भागे और टैक्सी ड्राइवर की मदद से अन्य लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि एक महिला ने अपने बच्चे को ऊपर से उनकी गोद में फेंका।

मृतकों में गुजरात का परिवार और दिल्ली का युवक

इस हादसे में अमरेली (गुजरात) के लाठी गांव निवासी अलफेज नुरानी, उनकी पत्नी शबनम नुरानी और डेढ़ साल के बेटे अरमान की मौत हो गई। इनके अलावा दिल्ली के मोती नगर निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद जाहिद की भी जान चली गई। जाहिद की पत्नी रेहाना और बेटा इब्राहिम इस हादसे में घायल हुए हैं।

घायल चारों की हालत गंभीर

जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया ने बताया कि कुल आठ लोग झुलसे थे, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है और चार का इलाज चल रहा है। एक घायल 90 प्रतिशत तक झुलस गया है, बाकी तीन 50-60 प्रतिशत तक प्रभावित हैं।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।