1. Home
  2. राष्ट्रीय

सर्वदलीय बैठक खत्म : केंद्र ने 'Operation Sindoor' पर राजनीतिक दलों को दी जानकारी, बोले कांग्रेस अध्यक्ष खरगे- सरकार के साथ...

Operation Sindoor

नई दिल्ली: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें विपक्षी दलों को हालात की जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने भाग लिया।

'संकट की घड़ी में सरकार के साथ हैं' – खरगे

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस सरकार और सेना के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “इस गंभीर समय में हम एकजुट हैं, हालांकि कुछ जानकारी गोपनीयता के चलते साझा नहीं की गई।”

राहुल गांधी ने भी बैठक में सरकार को पूर्ण समर्थन देने की बात दोहराई।

Add

कांग्रेस ने रोके सभी राजनीतिक कार्यक्रम

सरकार और सेना को समर्थन देने के संकेत के तौर पर कांग्रेस पार्टी ने अपनी सभी तय रैलियां और कार्यक्रम, जिनमें ‘संविधान बचाओ रैली’ भी शामिल थी, फिलहाल स्थगित कर दिए हैं। पार्टी ने कहा कि इस समय राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा सर्वोपरि है।

पीएम मोदी ने टाले तीन देशों के दौरे

इस बीच, बढ़ते तनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना प्रस्तावित विदेश दौरा रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री 13 से 17 मई के बीच नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड की यात्रा पर जाने वाले थे, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है।

सेना अलर्ट पर, नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी

सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी लगातार नियंत्रण रेखा पर नजर बनाए हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना हाई अलर्ट पर है और पाकिस्तान की तरफ से किसी भी संभावित जवाबी कार्रवाई पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

25 मिनट में दहला पाकिस्तान: ऑपरेशन सिंदूर की पूरी तस्वीर

गौरतलब है कि 6-7 मई की रात भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिया। यह कार्रवाई रात 1:05 से 1:30 बजे तक चली, जिसमें कुल 24 मिसाइलों से 9 आतंकी अड्डों को नष्ट किया गया। इनमें 5 ठिकाने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में और 4 पाकिस्तान के भीतर स्थित थे।
सूत्रों के अनुसार, इस हमले में आतंकवादी मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य भी मारे गए हैं, जो इन आतंकी शिविरों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।