अमित शाह ने कश्मीर का नाम बदलने के दिए संकेत, कहा-ऋषि कश्यप...

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पर लिखी पुस्तक ‘J&K and Ladakh Through the Ages’ के लॉन्च के दौरान कश्मीर का नाम बदलने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि कश्मीर का नाम ऋषि कश्यप के नाम पर हो सकता है। शाह ने भारत के हजारों साल पुराने इतिहास की बात करते हुए इसे विश्व सभ्यता को योगदान देने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि गुलामी के कालखंड में भारतीयों के आत्मविश्वास को तोड़ने और देश के इतिहास को भुलाने की कोशिशें की गईं। "एक झूठ फैलाया गया कि यह देश कभी एक नहीं था, लेकिन जब इतिहास के मूल में जाते हैं, तो सच सामने आता है," उन्होंने कहा।
अनुच्छेद 370 हटाने के प्रभाव पर चर्चा
अमित शाह ने अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद पर लगाम लगी। उन्होंने दावा किया कि आतंकवाद में 70% की कमी आई है और कश्मीर अब विकास की राह पर है।
शाह ने कहा, "पीएम मोदी के 80,000 करोड़ रुपये के पैकेज और मजबूत संकल्प ने न केवल कश्मीर को देश से पूरी तरह जोड़ा, बल्कि आतंकी इको-सिस्टम को भी ध्वस्त कर दिया।" उन्होंने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 ने झूठ फैलाया कि कश्मीर और भारत का संबंध अस्थायी है।
कार्यक्रम में शाह ने देश के भू-राजनीतिक अस्तित्व और भारत के एकता के ऐतिहासिक महत्व को भी रेखांकित किया।
.webp)
