1. Home
  2. राष्ट्रीय

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर अनुष्का यादव संग 12 साल पुराने रिश्ते का किया खुलासा, फिर अचानक डिलीट किया पोस्ट

Tej Pratap Yadav

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा खुलासा कर दिया, जिसने सभी को चौंका दिया। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में अनुष्का यादव नाम की युवती से अपने 12 साल पुराने रिश्ते की बात सार्वजनिक करते हुए लिखा कि वे दोनों लंबे वक्त से एक-दूसरे को जानते और प्रेम करते हैं।

तेज प्रताप ने क्या लिखा था?

तेज प्रताप ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा,"मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है। हम दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार करते हैं। मैं बहुत दिनों से यह बात आप सबसे साझा करना चाहता था लेकिन समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं। इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल की बात आपके सामने रख रहा हूं। आशा करता हूं आप लोग मेरी भावनाओं को समझेंगे।"

हालांकि, यह पोस्ट वायरल होने के कुछ ही समय बाद तेज प्रताप यादव ने इसे डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल चुकी थी।

पहले भी रह चुका है विवादों में रिश्ता

तेज प्रताप यादव की पहली शादी 2018 में ऐश्वर्या राय से हुई थी, जो बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी हैं। यह शादी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। कुछ महीनों के भीतर ही दोनों के बीच मतभेद और विवाद सामने आए, जिसके बाद मामला तलाक तक पहुंच गया। इस वक्त भी मामला कोर्ट में लंबित है।

सोशल मीडिया पर यूज़र्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया

तेज प्रताप के पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोगों ने इसे साहसी कदम बताया तो कुछ ने राजनीति और निजी जिंदगी के बीच संतुलन पर सवाल उठाए। कुछ यूज़र्स इस रिश्ते को लेकर शुभकामनाएं दे रहे हैं तो कुछ आलोचनात्मक टिप्पणी भी कर रहे हैं।

क्या अनुष्का बनेंगी नई जीवनसंगिनी?

भले ही तेज प्रताप ने पोस्ट को हटा दिया हो, लेकिन उनके इस सार्वजनिक इजहार के बाद अटकलें तेज़ हैं कि वे अनुष्का यादव से विवाह करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि इस पर तेज प्रताप या उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।