Axiom-4 Mission : शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्री ने स्पेस के लिए भरी उडान, कहा- हाथों में तिरंगा लेकर जा रहा हूं...

Axiom-4 Mission : भारत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने आज, 25 जून को Axiom-04 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर सफल उड़ान भरी। यह मिशन कई बार तकनीकी कारणों से टल चुका था, लेकिन आखिरकार शुभांशु समेत चार सदस्यीय दल ने स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से अंतरिक्ष की यात्रा शुरू की।
इस ऐतिहासिक मिशन की लॉन्चिंग भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से की गई। रॉकेट के साथ जुड़ा ड्रैगन कैप्सूल करीब 28.5 घंटे की यात्रा के बाद 26 जून शाम 4:30 बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ेगा।
“व्हाट ए राइड”, बोले शुभांशु
अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद गगनयात्री शुभांशु शुक्ला का पहला रिएक्शन था, "व्हाट ए राइड!" उन्होंने भावुक होकर कहा, “मेरे कंधे पर लहराता तिरंगा यह संदेश देता है कि मैं देशवासियों के साथ हूं।”
माता-पिता की आंखें नम, दिल गर्व से भरा
लॉन्चिंग की लाइव तस्वीरें देखते हुए शुभांशु के माता-पिता आशा शुक्ला और शंभु दयाल शुक्ला की आंखें नम हो गईं। बेटे की इस उपलब्धि पर उन्होंने तालियां बजाकर गर्व और खुशी जाहिर की।
41 साल बाद अंतरिक्ष में कोई भारतीय
शुभांशु शुक्ला ISS तक पहुंचने वाले पहले भारतीय और अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले, 1984 में राकेश शर्मा ने सोवियत संघ के मिशन के तहत अंतरिक्ष की यात्रा की थी। इसरो और नासा की साझेदारी से संभव हुए इस मिशन से भारत ने अंतरिक्ष जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
.webp)
