1. Home
  2. राष्ट्रीय

Bhupesh Baghel ED Raid: ईडी की टीम पर हमला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर रेड के बाद समर्थकों ने फेंके ईंट-पत्थर

Bhupesh Baghel ED Raid: ईडी की टीम पर हमला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर रेड के बाद समर्थकों ने फेंके ईंट-पत्थर

Bhupesh Baghel ED Raid: छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर रेड (Bhupesh Baghel ED Raid) के बाद जब ईडी अधिकारी बाहर निकल रहे थे, तभी यह हमला हुआ। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ईडी टीम की गाड़ी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अब इस मामले में ईडी कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।


Bhupesh Baghel ED Raid : रेड के बाद ईडी टीम पर हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की गाड़ियों पर आगे और पीछे से बड़े पत्थर फेंके गए। हालांकि, अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। यह घटना उस समय हुई जब भूपेश बघेल के समर्थकों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।


भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर ईडी की कार्रवाई

ईडी ने छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई की।

पीएमएलए (धनशोधन निवारण अधिनियम) के तहत चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित परिसरों के अलावा उनके करीबी सहयोगी लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल और अन्य कई परिसरों पर भी छापेमारी की गई।

ईडी को संदेह है कि चैतन्य बघेल शराब घोटाले से हुई अवैध कमाई के लाभार्थी हैं। इसी कारण ईडी ने राज्यभर में करीब 14-15 जगहों पर रेड की।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन

ईडी की छापेमारी के तुरंत बाद, भूपेश बघेल के घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह केंद्र सरकार की राजनीतिक साजिश है। ईडी पहले ही कह चुकी है कि इस शराब घोटाले से छत्तीसगढ़ सरकार को भारी वित्तीय नुकसान हुआ।

ईडी के अनुसार, इस अपराध से 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई शराब माफियाओं और इससे जुड़े लोगों की जेब में गई है। मामले की जांच अभी जारी है।