1. Home
  2. राष्ट्रीय

तेजस्वी यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक: काफिले में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, बहन रोहिणी आचार्य ने जताई साजिश की आशंका

Tejashwi

Tejashwi Yadav Security Breach: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में गंभीर चूक सामने आई है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात लगभग 1:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके काफिले में घुसने की कोशिश की, जिससे अफरातफरी मच गई। इस हादसे में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं।

हाईवे पर हुआ हादसा

घटना उस वक्त की है जब तेजस्वी यादव मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर हाईवे पर यह हादसा सराय थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू ट्रक तेजस्वी की गाड़ी से महज पांच फीट की दूरी पर पहुंच गया था, लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घायल सुरक्षाकर्मियों को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोहिणी आचार्य ने जताई साजिश की आशंका

तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि कैसे एक भारी वाहन तेजस्वी की गाड़ी के इतने करीब पहुंच गया। उन्होंने आशंका जताई कि यह कोई सामान्य चूक नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है।

रोहिणी ने लिखा, “यह सुरक्षा में बेहद गंभीर लापरवाही है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। क्या यह महज संयोग है या किसी साजिश के तहत तेजस्वी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई?” उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी तेजस्वी के काफिले को निशाना बनाने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

तेजस्वी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की

घटना के बाद तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और प्रशासन से सड़कों पर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने की मांग की है। उनका कहना है कि आमजन से लेकर नेता तक, सभी की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।