बड़ा हादसा : बिहार के कटिहार में 17 यात्रियों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, 3 शव बरामद, कई लापता

Bihar Boat Accident : बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद में रविवार सुबह एक बड़ा नाव हादसा हुआ। गंगा नदी में नाव के पलटने से कई लोग डूब गए। नाव में कुल 17 लोग सवार थे, जिनमें से तीन शव अब तक बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, कई लोग अभी भी लापता हैं।
चार लोग तैरकर बच पाए सभी लोग दक्षिणी करिमुल्लापुर के मेघू घाट से नाव में सवार होकर गद्दाई दियारा जा रहे थे। हादसे के बाद, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और लापता लोगों की तलाश जारी है। इस दौरान घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं।
बरामद शवों में 60 वर्षीय पवन कुमार, 70 वर्षीय सुधीर मंडल और एक साल के बच्चे का शव शामिल है। बाकी लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
तेज गंगा धारा ने बढ़ाई रेस्क्यू की मुश्किलें
मनिहारी अनुमंडल के पदाधिकारी कुमार सिद्धार्थ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार, अमदाबाद थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार और अंचल अधिकारी स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हालांकि, गंगा की तेज धारा और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है।
खेती के काम के लिए जा रहे थे लोग
नाव में सवार लोग दियारा क्षेत्र में खेतों का निरीक्षण करने और खेती के काम के लिए जा रहे थे, लेकिन नदी की तेज लहरों ने उनकी सुबह को दुखद बना दिया। लापता लोगों के परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे में बचाए गए लोगों को अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग
घटना के बाद से ही स्थानीय लोग प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं और बचाव कार्य में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। इस हादसे ने इलाके में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.webp)
